सरगुजा में दिल दहला देने वाली वारदात: नशेड़ी पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

सरगुजा (अंबिकापुर)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के ट्रांसपोर्ट नगर कदमपारा इलाके में एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शराब के नशे में धुत पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। यह पूरा मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
रात को साथ सोए थे, सुबह मिली अर्धनग्न लाश
आसपास के लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी सोमवार की रात को अपने घर में रोज की तरह साथ सोने गए थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार की सुबह घर के भीतर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न अवस्था में लाश मिली। महिला को इस हालत में देख पड़ोसियों के होश उड़ गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मणिपुर थाना पुलिस को दी।
मौके से फरार हुआ आरोपी पति, तलाश में जुटी पुलिस
मर्डर की खबर मिलते ही पुलिस की टीम दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। शुरुआती जांच और चोट के निशानों को देखकर पुलिस इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला मान रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी पति घर से लापता है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


