‘टपकती छत की चिंता खत्म’: धमतरी में PM आवास की चाबी पाकर छलके महिला हितग्राहियों के आंसू, CM साय ने सौंपा नए घर का तोहफा

धमतरी।
“अपना पक्का घर सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं होता, बल्कि यह परिवार की सुरक्षा, सम्मान और एक नए जीवन की मजबूत नींव होता है।” यह बात धमतरी में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के दौरान सच साबित हुई, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब परिवारों को उनके नए आशियाने की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी। सालों तक टूटे-फूटे कच्चे मकानों में रहने वाले इन परिवारों के चेहरों पर पक्के घर की चाबी मिलते ही एक अलग ही सुकून और खुशी देखने को मिली।

हर मौसम की चिंता से मिली मुक्ति
कार्यक्रम के दौरान भाटगांव की रहने वाली दो महिला हितग्राहियों—श्रीमती कुमारी यादव और श्रीमती लता साहू को मुख्यमंत्री के हाथों उनके सपनों के घर की चाबी मिली। अपनी आपबीती बताते हुए कुमारी यादव ने कहा कि बरसात के दिनों में उनका परिवार नरक जैसी जिंदगी जीने को मजबूर था। टपकती छत और ढहती दीवारों के डर से रात-रात भर नींद नहीं आती थी। बच्चों की पढ़ाई भी ठीक से नहीं हो पाती थी। लेकिन अब पक्का घर मिलने से पूरा परिवार सुरक्षित महसूस कर रहा है।
गरीब परिवारों के लिए वरदान बनी योजना
दूसरी हितग्राही लता साहू ने भी भावुक होते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले हर मौसम हमारे लिए एक नई आफत और चिंता लेकर आता था, लेकिन अब इस पक्के मकान ने हमें समाज में सम्मान से जीने का हौसला दिया है। यह योजना हम जैसे गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
अंत्योदय और गरीब कल्याण ही सरकार का लक्ष्य: CM साय
इस भावुक पल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ‘अंत्योदय’ यानी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की भावना के साथ काम कर रही है। हर जरूरतमंद को उसका हक दिलाना ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना केवल मकान बनाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान देने का सबसे बड़ा माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के जरिए सरकार सीधे जनता के द्वार तक पहुंच रही है, जिससे मैदानी स्तर पर लोगों का भरोसा शासन और प्रशासन पर और ज्यादा मजबूत हुआ है।



