भाजपा नेता भरत मटियारा का निधन, हैदराबाद में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से दुखद खबर सामने आई है। राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त और मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा का हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक भरत मटियारा पिछले करीब एक महीने से अस्वस्थ चल रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका रायपुर में इलाज कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
भरत मटियारा भाजपा संगठन के वरिष्ठ और सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे। वे दो बार कांकेर भाजपा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अलग पहचान थी। इसके अलावा वे दूसरी बार मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बनाए गए थे और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी मिला हुआ था।
उनके निधन की खबर के बाद कांकेर समेत पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक का माहौल है। भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। कई नेताओं ने कहा कि भरत मटियारा ने लंबे समय तक संगठन और समाज के लिए काम किया। उनका निधन पार्टी और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
बताया जा रहा है कि उनके पार्थिव शरीर को हैदराबाद से छत्तीसगढ़ लाने की तैयारी की जा रही है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
भरत मटियारा अपने सरल व्यवहार और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते थे। मछुआ समाज के बीच भी उनकी मजबूत पकड़ थी। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।



