ट्रक फाइनेंस के नाम पर लाखों की ठगी, फाइनेंस कंपनी का मैनेजर गिरफ्तार
0-सेकंड हैंड ट्रक दिलाने का झांसा देकर महिला से वसूले 9 लाख से ज्यादा
भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में ट्रक फाइनेंस के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने सेकंड हैंड ट्रक फाइनेंस कराने का झांसा देकर महिला से लाखों रुपए ऐंठ लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। हरहरपानी निवासी सुनिता यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी की नारायणपुर शाखा के माध्यम से एक सेकंड हैंड ट्रक खरीदा था। इस पूरी प्रक्रिया को ब्रांच मैनेजर संजय भास्कर तिवारी देख रहा था।
36 लाख फाइनेंस कराने का दिया था भरोसा
पीड़िता के मुताबिक ट्रक की कीमत करीब 29 लाख 42 हजार रुपए बताई गई थी। आरोपी मैनेजर ने ट्रक पर 36 लाख रुपए का फाइनेंस कराने और जमानतदार की व्यवस्था करने की बात कही। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में महिला से 9 लाख 35 हजार 838 रुपए जमा करा लिए गए।
कुछ समय बाद महिला को पूरे मामले पर शक हुआ। जब ट्रक का मूल्यांकन कराया गया तो बड़ा खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि ट्रक का चेसिस नंबर ही रिकॉर्ड में मौजूद नहीं है। इतना ही नहीं, वाहन का नामांतरण भी महिला के नाम पर नहीं किया गया था।
दस्तावेजों में गड़बड़ी का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वाहन के दस्तावेजों और स्वरूप में बदलाव कर फर्जीवाड़ा किया गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने ट्रक बेचकर रकम लौटाने का भरोसा दिया। लेकिन बाद में ट्रक को अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जांच के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी ब्रांच मैनेजर संजय भास्कर तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह की ठगी में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस दस्तावेजों और फाइनेंस रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।



