छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, रायपुर से जगदलपुर तक हाई अलर्ट; डायल 112 वाहनों को दिखाएंगे हरी झंडी

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah 17 मई की रात छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। उनके दो दिवसीय दौरे को लेकर रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा हुआ है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक गृहमंत्री अमित शाह शनिवार रात करीब 08:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे नवा रायपुर स्थित होटल रवाना होंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा।
18 मई की सुबह 10:30 बजे गृहमंत्री राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे डायल 112 सेवा में शामिल किए गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश की आपातकालीन पुलिस सेवा और मजबूत होगी।

रायपुर कार्यक्रम के बाद दोपहर 12:20 बजे अमित शाह जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने के बाद उनका पहला कार्यक्रम नेतानार में प्रस्तावित है। यहां वे जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम को पुलिस विभाग की ओर से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
गृहमंत्री का रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही रखा गया है। वहीं 19 मई को सुबह 11 बजे से जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में वे हिस्सा लेंगे। इस अहम बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद गृहमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है।
दौरे के अंतिम दिन 19 मई की दोपहर करीब 03:40 बजे अमित शाह जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर, नवा रायपुर और बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी तैयारियों का जायजा लिया है।


