पीएम मोदी का नीदरलैंड में मेगा शो: बोले- ‘लगा ही नहीं विदेश में हूँ’, याद किया 16 मई का वो ऐतिहासिक दिन जब जनता ने बदली थी देश की तकदीर

हेग/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 5 देशों के विदेशी दौरे के अगले पड़ाव पर यूएई के बाद नीदरलैंड पहुंच चुके हैं। हेग (The Hague) में जब पीएम मोदी भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखने लायक था। खचाखच भरे हॉल में ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंज उठे। प्रवासी भारतीयों का यह गजब का उत्साह देखकर पीएम मोदी भी गदगद हो गए। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही कहा, “इतना प्यार और जोश देखकर सच कहूं तो मैं कुछ पल के लिए भूल ही गया कि मैं नीदरलैंड में हूँ। ऐसा लग रहा है जैसे भारत के ही किसी शहर में कोई बड़ा त्योहार मन रहा है।”
पीएम मोदी ने नीदरलैंड के विकास में प्रवासियों के योगदान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज यहां रह रहे भारतीय परिवारों की कहानी सिर्फ एक देश से दूसरे देश जाने की नहीं है, बल्कि यह अनगिनत संघर्षों से सफलता हासिल करने की गाथा है।
पीएम ने भावुक होते हुए कहा, “इतिहास गवाह है कि वक्त के साथ दुनिया की कई संस्कृतियां मिट गईं। लेकिन भारत की संस्कृति आज भी समुद्र पार आप सभी के दिलों में धड़क रही है। पीढ़ियां बदल गईं, देश बदल गए, पर आपके पारिवारिक संस्कार और पुरखों की भाषा नहीं बदली। आपने डच भाषा भी सीखी, लेकिन अपनी मातृभाषा को भी जिंदा रखा।”
16 मई की तारीख है बेहद खास, याद आए 2014 के चुनावी नतीजे
भाषण के दौरान पीएम मोदी ने एक बेहद दिलचस्प बात याद दिलाई। उन्होंने कहा, “आज 16 मई है और यह तारीख मेरे लिए बहुत खास है। आज से ठीक 12 साल पहले, यानी 16 मई 2014 को लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद देश में एक पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी। तब से लेकर आज तक करोड़ों भारतीयों का यही अटूट विश्वास मुझे न थकने देता है और न रुकने देता है।”
पीएम ने आगे कहा, “13 साल मुख्यमंत्री और अब 12 साल प्रधानमंत्री के तौर पर देश की सेवा करना, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में जनता का लगातार 25 साल तक ऐसा प्यार पाना मेरे लिए सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।”
पीएम मोदी ने प्रवासियों के सामने नए भारत का विजन रखा। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश बहुत बड़े सपने देख रहा है। अब भारत को सिर्फ छोटे-मोटे बदलाव (Transformation) नहीं चाहिए। आज का युवा कहता है कि हमें दुनिया में सबसे बेस्ट चाहिए और सबसे फास्टेस्ट चाहिए। जब देश की आकांक्षाएं इतनी बड़ी हैं, तो सरकार के प्रयास भी असीमित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत छोटी उम्र में ही मैंने खुद को देश के लिए समर्पित कर दिया था, अब देश की जनता ही मेरा परिवार है और आपका कल्याण ही मेरा सबसे बड़ा कर्तव्य है।



