छत्तीसगढ़ को मिला नया नियमित DGP, अरुण देव गौतम संभालेंगे पुलिस विभाग की कमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का नया पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद पुलिस महकमे में नई प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिल सकती है।
1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम पिछले कुछ समय से प्रभारी डीजीपी के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अनुशंसा के बाद राज्य सरकार ने उन्हें नियमित रूप से डीजीपी पद पर नियुक्त कर दिया है।
अरुण देव गौतम को प्रदेश के अनुभवी और सख्त प्रशासनिक अधिकारियों में गिना जाता है। पुलिसिंग और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में उनका लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। कानून व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक समन्वय में उनकी कार्यशैली को काफी प्रभावी माना जाता है।




