4 दिन पहले दस्तक देगा मानसून! लेकिन ‘सुपर अल नीनो’ बढ़ा सकता है गर्मी और सूखे का खतरा

नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर आई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून तय समय से पहले केरल पहुंच सकता है। अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को केरल में दस्तक देगा। सामान्य तौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है। ऐसे में इस बार मानसून करीब 4 दिन पहले आने की संभावना जताई गई है।
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने इसके साथ एक बड़ी चिंता भी जाहिर की है। अमेरिकी मौसम एजेंसी ‘नेशनल ओशेनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन’ यानी NOAA के मुताबिक इस साल ‘सुपर अल नीनो’ बनने के संकेत बेहद मजबूत हैं। इसका असर भारत के मानसून पर पड़ सकता है।
क्या होता है अल नीनो?
अल नीनो एक जलवायु प्रक्रिया है। इसमें प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। इससे हवाओं की दिशा बदल जाती है। इसका असर भारत समेत कई एशियाई देशों की बारिश पर पड़ता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अल नीनो के कारण मानसून कमजोर हो सकता है। इससे बारिश कम होने, सूखे और हीटवेव का खतरा बढ़ जाता है।
इन राज्यों में जल्द पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मानसून 20 जून तक पहुंच सकता है। वहीं मध्य प्रदेश में 12 जून, उत्तर प्रदेश में 18 जून और बिहार में 8 से 10 जून के बीच मानसून की एंट्री होने की संभावना है।
दूसरी ओर उत्तर और मध्य भारत में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और विदर्भ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मध्य प्रदेश और विदर्भ में रात के समय भी लू चलने की चेतावनी दी गई है। शुक्रवार को महाराष्ट्र के अमरावती में 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान के फलौदी में पारा 44.8 डिग्री पहुंच गया। भोपाल में 42 डिग्री से ज्यादा तापमान के चलते सड़कों पर डामर तक पिघलने लगा।



