पांच देशों के दौरे पर निकले पीएम मोदी, UAE पहुंचते ही हुआ भव्य स्वागत

टीआरपी डेस्क। Narendra Modi अपने पांच देशों के दौरे पर शुक्रवार सुबह रवाना हो गए। इस दौरे की शुरुआत United Arab Emirates से हुई है। इसके बाद प्रधानमंत्री नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे रवाना होने के बाद पीएम मोदी अबू धाबी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
अबू धाबी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति Mohamed bin Zayed Al Nahyan से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार और ऊर्जा सहयोग को लेकर अहम चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूएई हर मुश्किल वक्त में एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यूएई में हाल ही में हुए हमले की कड़ी निंदा भी की। साथ ही होर्मुज स्ट्रेट को जल्द से जल्द खोले जाने की जरूरत बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक व्यापार के लिए यह बेहद जरूरी है।
इस दौरे को भारत और यूएई के आर्थिक रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दोनों देशों के बीच एलपीजी और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़े दो बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ता सहयोग भारत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यूएई के OPEC से बाहर निकलने के फैसले के बाद दोनों देशों के बीच नई रणनीतिक साझेदारी की संभावनाएं बढ़ी हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों नेता व्यापार, निवेश, तकनीक और ऊर्जा सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा वैश्विक स्तर पर भारत की कूटनीतिक और आर्थिक रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में उनके अन्य यूरोपीय देशों के दौरे पर भी कई बड़े समझौते हो सकते हैं।



