NEET-UG री-एग्जाम 21 जून को: पेपर लीक के बाद सरकार का बड़ा फैसला, 14 जून तक जारी होंगे एडमिट कार्ड

नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बड़ी घोषणा की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि NEET-UG की पुन: परीक्षा अब 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक के आरोपों और छात्रों के विरोध के बाद केंद्र सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी मेधावी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के बाद 7 मई तक NTA को कई शिकायतें मिली थीं। शिकायतों में दावा किया गया कि कथित गेस पेपर के कई सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे।
एजेंसियों ने तुरंत शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए NTA, उच्च शिक्षा विभाग और केंद्र सरकार ने तत्काल जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला दो-तीन राज्यों से जुड़ा मिला। इसके बाद संबंधित राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर जांच आगे बढ़ाई गई।
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि 8 से 11 मई तक चली जांच में साफ हो गया कि गेस पेपर की आड़ में पेपर लीक हुआ था। इसके बाद 12 मई को परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी अयोग्य उम्मीदवार को फायदा न मिले।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सरकार ने यह मामला केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि NTA के अंदर हो या बाहर, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और शिक्षा माफियाओं पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
छात्रों को मिलेगा शहर चुनने का मौका
NTA के मुताबिक, छात्रों को दोबारा परीक्षा के लिए अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने का विकल्प दिया जाएगा। एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



