भाजपा की नई कोर ग्रुप पर सियासत तेज, दीपक बैज के बयान पर बृजमोहन अग्रवाल का पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई कोर ग्रुप सूची जारी होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को नई कोर कमेटी से बाहर किए जाने पर कांग्रेस ने पार्टी पर गुटबाजी का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें कोई भी राजनीति में किनारे नहीं कर सकता।
दरअसल मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। बैठक के बाद नई कोर कमेटी को लेकर चर्चा तेज हो गई। इसमें सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल जैसे वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं मिलने पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी चरम पर है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल भाजपा के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, लेकिन उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। बैज ने इसे भाजपा की अंदरूनी खींचतान का संकेत बताया।
इस बयान पर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोर कमेटी में शामिल करना या बाहर करना सामान्य प्रक्रिया है। वह पिछले 10 सालों से कोर कमेटी का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक वह सक्रिय राजनीति में हैं, तब तक कोई उन्हें किनारे नहीं कर सकता।
इधर वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सरकारी खर्च और काफिला कम करने वाले बयान पर भी कांग्रेस ने हमला बोला। दीपक बैज ने कहा कि सरकार अब समीक्षा की बात कर रही है, जबकि पहले हालात सामान्य बताती रही। उन्होंने कहा कि आर्थिक मुद्दों पर सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।
वहीं बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन की चिंता करनी चाहिए।



