भाजपा की नई कोर कमेटी घोषित, छत्तीसगढ़ संगठन में बड़े बदलाव के संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी ने नई कोर कमेटी का गठन कर दिया है। नई टीम में सरकार और संगठन दोनों के प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखकर यह नई रणनीतिक टीम तैयार की गई है।
नई कोर कमेटी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा को शामिल किया गया है। इसके साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी इस अहम समिति में जगह मिली है। पार्टी के भीतर इसे ओपी चौधरी की बढ़ती राजनीतिक भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है।
संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नेताओं को भी कमेटी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री पवन साय, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, वरिष्ठ नेता लता उसेंडी, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी को भी नई टीम में शामिल किया गया है।
हालांकि नई सूची में कई बड़े नेताओं का नाम नहीं होने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल को इस बार कोर कमेटी में जगह नहीं मिली है। इसे भाजपा के भीतर नए समीकरण और पीढ़ीगत संतुलन की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी अब संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर फोकस कर रही है। यही वजह है कि नई कमेटी में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी संतुलित तरीके से शामिल किया गया है।
बताया जा रहा है कि कोर कमेटी की बैठक में आगामी चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और कार्यसमिति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। आने वाले महीनों में भाजपा संगठन में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



