रायपुर में होर्डिंग पर चढ़ी युवती, शंकर नगर में 40 मिनट तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक सड़क किनारे लगे बड़े होर्डिंग पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक युवती करीब 35 से 40 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई थी। राहगीरों ने जब उसे ऊपर देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने काफी देर तक युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
करीब 40 मिनट तक चले इस पूरे घटनाक्रम के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने आसपास लोगों की भीड़ हटाई। वहीं किसी अनहोनी से बचने के लिए नीचे बड़ी जाली भी बिछाई गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 35 फीट ऊंचाई तक सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। युवती को नीचे उतारने के बाद पुलिस अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवती मानसिक रूप से परेशान या कमजोर नजर आ रही थी। हालांकि उसने बातचीत में किसी तरह की परेशानी से इनकार किया। युवती ने कहा कि वह किसी तनाव में नहीं है और होर्डिंग पर चढ़ने की कोई खास वजह भी नहीं बताई।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान शंकर नगर इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। सड़क पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। पुलिस अब युवती की पहचान और उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटा रही है।



