NEET-UG 2026 रद्द: पेपर लीक के बाद NTA का बड़ा फैसला, अब दोबारा होगी परीक्षा

NEET UG Exam Cancelled: मेडिकल की तैयारी कर रहे देश के लाखों छात्रों के लिए बड़ी और चौंकाने वाली खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को हुई नीट-यूजी 2026 की परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद एजेंसी ने यह कड़ा फैसला लिया है। अब यह परीक्षा पूरे देश में दोबारा आयोजित की जाएगी।
DG बोले- फैसला कठिन है पर जरूरी था
इस पूरे विवाद पर NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने ‘आजतक’ से खास बातचीत की। उन्होंने बेहद साफगोई से स्वीकार किया कि परीक्षा रद्द करने का फैसला छात्रों और उनके माता-पिता के लिए बहुत दुखद है। उन्होंने इसे एजेंसी के लिए भी ‘शर्मनाक’ बताया। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि परीक्षा की पवित्रता और ईमानदारी से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
कैसे हुआ गड़बड़ी का खुलासा?
अभिषेक सिंह के मुताबिक, 7 मई की रात को एजेंसी के पास कुछ वॉट्सऐप मैसेज पहुंचे थे। इन मैसेजेस में जो सवाल थे, वे नीट परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे। इन सुरागों को तुरंत जांच एजेंसियों को भेजा गया। 8 से 11 मई के बीच हुई शुरुआती जांच में जब गड़बड़ी के पुख्ता सबूत मिले, तो बोर्ड ने बिना देरी किए परीक्षा को ही शून्य घोषित कर दिया।
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
क्या पेपर लीक सिर्फ एक सेंटर तक सीमित था या पूरे देश में फैल गया था? इस सवाल पर NTA चीफ ने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। इसी वजह से पूरे मामले की जांच अब सीबीआई (CBI) को सौंप दी गई है। सीबीआई ही पता लगाएगी कि इस गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हैं और कितने छात्रों तक पेपर पहुंचाया गया था।
छात्र अब क्या करें?
परीक्षा रद्द होने से उन छात्रों में भारी नाराजगी है जिन्होंने दिन-रात मेहनत की थी। NTA जल्द ही नई परीक्षा की तारीखों का ऐलान करेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी तैयारी जारी रखें। दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए अलग से कोई फीस नहीं देनी होगी।



