जालंधर BSF हेडक्वार्टर ब्लास्ट केस: नवांशहर के 3 युवक हिरासत में, मोहाली ले गई पुलिस

जालंधर। BSF हेडक्वार्टर के बाहर हुए IED धमाके की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी ताकत झोंक रही हैं। इस मामले में अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने नवांशहर जिले के एक गांव से तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इस खबर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन गांव वालों का कहना है कि संदिग्ध लिंक मिलने के बाद ही यह कार्रवाई हुई है।

पेट्रोल पंप से उठाए गए युवक, परिवारों में कोहराम
पकड़े गए युवकों की पृष्ठभूमि बेहद साधारण बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए एक युवक की महज एक महीने पहले ही शादी हुई थी। उसका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और एक NRI की मदद से उसका घर बन पाया था। वह सूंढ के पास एक पेट्रोल पंप पर काम करता था, पुलिस ने उसे वहीं से उठाया।
दूसरा युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा है और वह भी उसी पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था। तीसरे युवक लखविंदर के परिजनों ने बताया कि पुलिस ने फोन करके उसे पूछताछ के लिए बुलाने को कहा था। गांव वालों की सलाह पर परिवार ने खुद उसे पुलिस के हवाले किया। चर्चा है कि पुलिस इन तीनों को गहन पूछताछ के लिए मोहाली ले गई है।
CCTV से खुले राज: कैसे हुआ धमाका
यह पूरा मामला मंगलवार देर शाम का है, जब जालंधर BSF हेडक्वार्टर के बाहर एक एक्टिवा में अचानक जोरदार धमाका हुआ। शुरुआत में इसे मामूली ब्लास्ट माना जा रहा था, लेकिन पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर और फॉरेंसिक टीम की जांच में पुष्टि हुई कि यह IED ब्लास्ट था।
CCTV फुटेज खंगालने पर एक चौंकाने वाला मंजर सामने आया। जब एक डिलीवरी बॉय पार्सल देने के लिए कैंपस के पास अपनी एक्टिवा खड़ी कर खड़ा था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति आया। उसने एक्टिवा पर एक पैकेट रखा और तुरंत बस स्टैंड की तरफ भाग निकला। उसके भागने के कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका हो गया। फिलहाल पुलिस की कई टीमें इन युवकों से पूछताछ कर रही हैं ताकि साजिश की तह तक पहुंचा जा सके।



