तखतपुर में प्रशासन सख्त: 35 कर्मचारी गैरहाजिर, 24 घंटे में जवाब तलब

तखतपुर। शासकीय कार्यालयों में लापरवाही पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम नितिन तिवारी ने 35 अधिकारी-कर्मचारियों को अनुपस्थित पाया, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने एसडीएम कार्यालय, तहसील, जनपद पंचायत और नगर पालिका का निरीक्षण किया। जांच में कई कर्मचारी बिना अनुमति गैरहाजिर मिले। उपस्थिति पंजी और बायोमैट्रिक रिकॉर्ड में भी अनियमितताएं सामने आईं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
सरकार की ओर से समयबद्ध उपस्थिति के निर्देश के बावजूद लापरवाही सामने आने से व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। प्रशासन ने इसे अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम बताया है।



