महासमुंद में ड्रग्स तस्करी पर बड़ा वार: 1.14 करोड़ का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.14 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा जब्त किया है। तस्करी के इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जाया जा रहा है। इसके बाद टीम ने सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में NH-53 पर गनियारीपाली गांव के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध पीकअप वाहन को रोका। तलाशी में वाहन के डाले में खाली कैरेट के बीच छिपाकर रखे गए 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के अहमदनगर के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, पीकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।



