मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कमराखोल की चौपाल में सुनी जनसमस्याएं, बिजली बिल बकाया मामले में दी बड़ी राहत

कमराखोल। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 4 मई को सुदूर वनांचल ग्राम कमराखोल का दौरा ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का पैगाम लेकर आया। सुशासन तिहार 2026 के तहत आम के पेड़ के नीचे आयोजित इस जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को आत्मीयता से सुना और मौके पर ही उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए, जो शासन और जनता के बीच मजबूत होते विश्वास का प्रतीक बना।

बिजली बिल की समस्या का तत्काल समाधान
चौपाल के दौरान जब ग्रामीणों ने बढ़ते बिजली बिल और बकाया राशि की समस्या उठाई, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत पुराने बकाया बिलों पर व्यापक छूट दी जा रही है। इस योजना का लाभ घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कृषि पंप धारकों को भी मिल रहा है। विशेष रूप से बीपीएल परिवारों के लिए इसमें अतिरिक्त रियायतों का प्रावधान किया गया है।
संवेदनशीलता और मौके पर निर्देश
मुख्यमंत्री की कार्यशैली केवल आश्वासनों तक सीमित नहीं रही। उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान उनके अपने गांव में ही हो सके। इस दौरान कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि जिले में अब तक 13 हजार से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले चुके हैं, जिन्हें कुल 11.75 करोड़ रुपये से अधिक की छूट प्रदान की गई है।
सुशासन की नई मिसाल
कमराखोल की इस चौपाल ने सिद्ध कर दिया कि जब नेतृत्व स्वयं जनता के बीच पहुंचता है, तो जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान सरल हो जाता है। मुख्यमंत्री की यह पहल सुशासन के उस संकल्प को दोहराती है, जहां योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जा रहा है।



