ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला: बोलीं- 100 सीटें लूटी गईं, ईवीएम और वोटिंग में हुआ खेल

नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी चुनाव हारी नहीं है, बल्कि उसे साजिश के तहत हराया गया है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर उनकी 100 सीटें लूट लीं और करीब 90 लाख वोट काट दिए गए।

ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को संवैधानिक अधिकारों का हनन करने वाला खलनायक बताया। उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वोटिंग के बाद मशीनों में 80 से 90 प्रतिशत चार्ज होना संदेहास्पद है। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले जानबूझकर आईपीएस और आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए और टीएमसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर चुनावी प्रक्रिया में दखल देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लड़ाई पूरी सरकारी मशीनरी के खिलाफ थी। ममता के अनुसार, भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर यह खेल खेला है। उन्होंने इस चुनाव को अपने जीवन का सबसे गंदा और घटिया खेल करार दिया है।

