जांजगीर-चांपा और सक्ती के कारखानों को सख्त निर्देश: सुरक्षा नियमों में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले के गोपाल नगर स्थित न्यूवोको विस्टास कार्पोरेशन लिमिटेड में 2 मई 2026 को औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता विभाग के प्रभारी संचालक मनीष श्रीवास्तव ने की। बैठक में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के बड़े कारखानों जैसे अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, जेएसडब्ल्यू महानदी पावर, प्रकाश इंडस्ट्रीज और डीबी पावर सहित कई संस्थानों के प्रबंधक और सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान औद्योगिक सुरक्षा मानकों और दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रभारी संचालक मनीष श्रीवास्तव ने कारखानों में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण, सुपरविजन और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के श्रमिकों को खतरनाक कार्यों में न लगाया जाए। साथ ही, प्लांट और मशीनरी की सुरक्षा, मॉकड्रिल और नियमित सेफ्टी ऑडिट कराने पर जोर दिया गया। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सहायक संचालक अश्वनी पटेल ने भी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश साझा किए।



