सुशासन तिहार: भैंसामुड़ा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्माणाधीन आवास का किया निरीक्षण, ईंट जोड़कर किया श्रमदान

रायपुर।
सुशासन तिहार के दौरान जशपुर जिले के प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम भैंसामुड़ा में एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। विकासखंड पत्थलगांव के इस दूरस्थ गांव में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहे घरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनकी नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर पर पड़ी, जिसके बाद वे तुरंत वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने न केवल कार्य को परखा, बल्कि वहां काम कर रहे श्रमिकों से आत्मीय बातचीत भी की। मुख्यमंत्री की सादगी तब देखने को मिली जब उन्होंने स्वयं करणी उठाई और सीमेंट-गारा से ईंट जोड़कर श्रमदान किया। प्रदेश के मुखिया को अपने साथ काम करते देख ग्रामीण भावुक हो उठे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से उनके रोजगार और पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनका पक्का घर बनने का सपना अब साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल ने गरीबों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को जाहिर किया है। इस दौरान पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार ने ग्रामीणों के बीच शासन के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।


