CGPSC मेंस परीक्षा टली, अब 6 से 9 जून तक होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मेंस परीक्षा 2026 की तिथियों में बदलाव करते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 16 मई से 19 मई के बीच तय थी, लेकिन अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया गया है।
अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रीलिम्स और मेंस के बीच पर्याप्त समय नहीं मिल रहा था, जिससे तैयारी प्रभावित हो रही थी। पिछले वर्षों में दोनों परीक्षाओं के बीच करीब चार महीने का अंतर रहता था, जबकि इस बार समय कम होने से असंतोष बढ़ रहा था।
आयोग के इस फैसले से अब अभ्यर्थियों को करीब 15 दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है, जिससे वे बेहतर तैयारी और रिवीजन कर सकेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार इससे परीक्षा परिणाम पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को नई तिथियों के अनुसार तैयारी जारी रखने की सलाह दी है।



