युवा फेस्ट 2026 की बड़ी कामयाबी: धमतरी के छात्र का बेंगलुरु की आईटी कंपनी में चयन

धमतरी में आयोजित ‘युवा फेस्ट 2026’ युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच साबित हुआ है। इस आयोजन के दौरान आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वर्कशॉप से एक बड़ी सफलता की कहानी सामने आई है, जहाँ अभनपुर के 12वीं कक्षा के छात्र प्रतीक ताम्रकार का चयन बेंगलुरु की प्रतिष्ठित आईटी कंपनी ‘Teknikoz Software Private Limited’ में समर इंटर्नशिप के लिए हुआ है। प्रतीक ने वर्कशॉप के दौरान अपनी तकनीकी समझ और नवाचारी सोच से बेंगलुरु से आए विशेषज्ञों को प्रभावित किया, जिसके आधार पर उन्हें अप्रैल से जून 2026 तक व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का यह सुनहरा अवसर मिला है। प्रतीक ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने चाचा पवन कुमार ताम्रकार के मार्गदर्शन और युवा फेस्ट द्वारा प्रदान किए गए मंच को दिया है।
प्रतिभा को मिला सही मंच: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी बधाई
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रतीक की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि युवा फेस्ट का असली उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। प्रतीक की सफलता यह साबित करती है कि यदि छोटे शहरों के युवाओं को सही मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीक से जुड़ने का अवसर मिले, तो वे वैश्विक स्तर पर अपनी चमक बिखेर सकते हैं। इस दो दिवसीय फेस्ट में युवाओं को एआई, डिजिटल स्किल्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम की व्यावहारिक जानकारी दी गई थी। कलेक्टर ने जिले के अन्य युवाओं को भी ऐसे कौशल आधारित कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।



