खैरागढ़ में मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार: घटिया पनीर और नकली ब्रांड बेचने वालों की अब खैर नहीं

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रशासन ने खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ दी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान नटराज हाईवे होटल में खराब गुणवत्ता का पनीर और सिन्हा होटल में घटिया पेड़ा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। नियमों को ताक पर रखकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले इन संचालकों पर विभाग ने तुरंत भारी जुर्माना ठोकते हुए सख्त लहजे में चेतावनी जारी की है। यह कार्रवाई उन सभी के लिए सबक है जो मुनाफे के चक्कर में जनता की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
नकली ब्रांडिंग का पर्दाफाश और प्रतिबंधित सामान जब्त
जांच के दौरान बाजार में चल रहे बड़े फर्जीवाड़े का भी खुलासा हुआ है जहां ओम साईं किराना स्टोर्स में पवन पसंद के नाम पर घटिया नमकीन बेचा जा रहा था जिस पर निर्माता और विक्रेता दोनों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। कार्रवाई का दायरा केवल होटलों तक सीमित नहीं रहा बल्कि सांखला अनाज भंडार और सन्नी किराना जैसे बिना लाइसेंस वाले संस्थानों पर भी गाज गिरी है। टीम ने तंबोली किराना से करीब नौ हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा सीज किया है और छुईखदान से सॉस व आमचूर के सैंपल लैब भेजे हैं। विभाग के कड़े रुख से साफ है कि जिले में अब मिलावटखोरी और अवैध कारोबार पर सीधे प्रहार होगा।




