बिलासपुर में वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले चार दबंग गिरफ्तार: जंगल में लकड़ी चोरी रोकने पर दी थी जान से मारने की धमकी

बिलासपुर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में सरकारी काम में अड़ंगा डालने और वन विभाग के कर्मचारियों की पिटाई करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। यह पूरी वारदात 11 अप्रैल की सुबह उस वक्त हुई जब प्रार्थी रवि कुमार जगत अपने स्टाफ के साथ करपिहा जंगल में सरकारी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सोनबंधा गांव के कुछ युवकों ने जंगल में घुसकर लकड़ी चोरी के विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर हिंसक हमला कर दिया।
लकड़ी तस्करों ने सरकारी कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
गौरतलब है कि आरोपी संदास उर्फ संतदास टंडन ने अपने साथियों के साथ मिलकर न केवल सरकारी काम रोका बल्कि वन विभाग के अमले को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने कानून का खौफ ताक पर रखकर कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी जिसके बाद से पुलिस लगातार इन आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। मैदानी सूत्रों का कहना है कि जंगल में अवैध कटाई रोकने गई टीम पर इस तरह का जानलेवा हमला क्षेत्र में लकड़ी तस्करों के बढ़ते हौसलों को दर्शाता है।



