बालोद में धू-धू कर जली बाराती बस: जगतरा मंदिर के पास मची चीख-पुकार, मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकले सभी बाराती

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में खुशियों वाले घर में उस वक्त मातम पसरते बचा जब बारातियों से भरी एक चलती बस आग का गोला बन गई। शर्मा ट्रेवल्स की यह बस कांकेर जिले के अरौद गांव से बारातियों को लेकर बालोद के बड़गांव की ओर आ रही थी। दरअसल जैसे ही बस पुरुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जगतरा मंदिर के करीब पहुंची अचानक इंजन से लपटें निकलने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि बारातियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला लेकिन गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग बस से नीचे उतर गए।
शॉर्ट सर्किट ने मचाई अफरा-तफरी
घटना के बाद नेशनल हाईवे पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। मौजूद लोगों ने बताया कि बस का नंबर सीजी 07 ई 1171 है जिसमें क्षमता से अधिक बाराती सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और वायरिंग में शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ है। गौरतलब है कि अगर बस से उतरने में चंद मिनटों की भी देरी होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुरुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को बहाल कराया गया। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। बस मालिक और चालक से भी इस संबंध में पूछताछ की जाएगी ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल प्रशासन ने राहत की सांस ली है क्योंकि किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है।



