भीषण गर्मी में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर 24 अप्रैल 2026/ प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए त्वरित एवं संवेदनशील निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री साय के निर्देशानुसार 30 जून 2026 तक प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इस अवधि में बच्चों की उपस्थिति केवल सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक निर्धारित की गई है, ताकि उन्हें अत्यधिक तापमान एवं लू के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।
आंगनबाड़ी संचालन समय में बदलाव: बच्चों की उपस्थिति सुबह 9 बजे तक सीमित
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस समय-सीमा में बच्चों की प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख और शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा (ECCE) गतिविधियाँ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही चलेंगी। इसके साथ ही पूरक पोषण आहार का वितरण नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे बच्चों के पोषण एवं शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए। निर्देशानुसार आंगनबाड़ी केंद्र प्रातः 7:00 बजे से प्रारंभ होंगे, जिसमें बच्चों की उपस्थिति 9:00 बजे तक रहेगी, जबकि अन्य सेवाओं के लिए केंद्र 11:00 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अपने जॉब चार्ट के अनुसार शेष कार्यों का निष्पादन करेंगी।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: लक्ष्मी राजवाड़े का जिला अधिकारियों को निर्देश
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि निर्देशों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गृहभेंट के माध्यम से पोषण परामर्श सेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिसके लिए कार्यकर्ता केंद्र बंद होने के पश्चात घर-घर जाकर माताओं को जागरूक करेंगी। लक्ष्मी राजवाड़े ने सभी जिला अधिकारियों को व्यवस्थाओं की सतत निगरानी और समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रीष्मकाल समाप्ति के बाद 1 जुलाई 2026 से आंगनबाड़ी केंद्र पुनः अपने सामान्य समय प्रातः 9:30 बजे से 3:30 बजे तक संचालित होंगे।


