श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षा में बड़ी चूक नाकाम, सैटेलाइट फोन के साथ दो अमेरिकी नागरिक दबोचे

श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान सुरक्षाबलों ने दो अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया है। रूटीन स्कैनिंग के दौरान उनके सामान से एक प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद किया गया, जिसके बाद एयरपोर्ट सुरक्षा टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए व्यक्तियों में से एक की पहचान अमेरिका के मोंटाना निवासी जेफरी स्कॉट के रूप में हुई है, जिसके बैग से गार्मिन कंपनी का यह हाई-टेक डिवाइस मिला।
कश्मीर में प्रतिबंधित सैटेलाइट डिवाइस बरामद, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, गार्मिन सैटेलाइट फोन का उपयोग संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध संचार के लिए किया जा सकता है, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर मामला है। शुरुआती पूछताछ में अमेरिकी नागरिकों द्वारा दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके कारण उन्हें हिरासत में लेकर गहन जांच शुरू कर दी गई है। मोंटाना जैसे पहाड़ी राज्य से ताल्लुक रखने वाले जेफरी स्कॉट और उनके साथी के श्रीनगर आने के वास्तविक मकसद का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद वे बिना अनुमति के यह डिवाइस लेकर कश्मीर में कैसे दाखिल हुए। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और संबंधित दूतावास को भी इस घटना की जानकारी दी जा सकती है।



