रायगढ़ में रफ्तार का कहर: राशन लेकर लौट रही मासूम को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्रा ममता तिर्की की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीएमओ तिराहा के पास हुआ, जब दोनों अपनी स्कूटी से राशन लेकर वापस घर लौट रहे थे।
लापरवाही ने छीनी 14 साल की जिंदगी, पुलिस ने आरोपी चालक को दबोचा
ग्राम कृष्णापुर की रहने वाली ममता अपने दादा पितरोस तिर्की के साथ भगवानपुर स्थित राशन सोसायटी गई थी। वापसी के दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और लाखा के पास ट्रेलर को जब्त कर आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। घायल बुजुर्ग का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है और स्थानीय नागरिकों ने भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।



