बंगाल चुनाव से पहले ईडी का बड़ा प्रहार, कोलकाता में दिग्गज कारोबारी गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले कोलकाता में बड़ी कार्रवाई करते हुए सन एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार को गिरफ्तार कर लिया है। मनी लॉन्ड्रिंग के संदिग्ध लेनदेन और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के बाद एजेंसी ने यह कदम उठाया है। इस मामले में जांच के दौरान ईडी को कई अहम दस्तावेज और सबूत मिले थे जिसके आधार पर कामदार को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारी और कारोबारियों के गठजोड़ पर कसा शिकंजा
यह पूरी कार्रवाई सोना पप्पू और जय कामदार मामले से जुड़ी है जिसमें धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत छापेमारी की जा रही है। जांच की आंच कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास तक भी पहुंच गई है और उनके दो ठिकानों समेत कुल तीन जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया। आरोपी जॉय कामदार को पूछताछ के लिए सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय ले जाया गया है। हालांकि कामदार के वकील का कहना है कि उन्हें गिरफ्तारी का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया और केवल वित्तीय नोटिस के आधार पर बुलाया गया था। राजनीतिक गलियारों में इस मामले के तार सत्ताधारी दल से जुड़े होने की चर्चाएं भी तेज हैं जिससे आगामी चुनावों से पहले बंगाल की सियासत गरमा गई है।




