बस्तर के जंगलों पर कब्जा करने की साजिश नाकाम, 14 बाहरी आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। जिले के माचकोट वन परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे की बड़ी कोशिश को वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विफल कर दिया है। विभाग ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सुकमा जिले के रहने वाले 14 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सुनियोजित तरीके से जंगल के पेड़ों की कटाई कर जमीन हथियाने की योजना बना रहे थे।
गिरोह का सरगना फिर पहुंचा जेल, अतिक्रमणकारियों पर दर्ज हुआ गंभीर मामला
वन विभाग को पिछले काफी समय से जंगल के अंदरूनी इलाकों में बाहरी लोगों के कुल्हाड़ी लेकर घूमने की सूचना मिल रही थी। टीम द्वारा की गई गुप्त निगरानी और रेकी में यह खुलासा हुआ कि एक संगठित गिरोह जंगल की जमीन खाली कर कब्जा जमाने की फिराक में है। पकड़े गए गिरोह का सरगना नागेश पहले भी इसी तरह के अपराध में जेल जा चुका है, जो जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से ग्रामीणों को गुमराह कर अतिक्रमण के लिए उकसा रहा था। विभाग ने इस बार आरोपियों पर भारतीय वन अधिनियम और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की है। सभी 14 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बस्तर के जंगलों में अतिक्रमण की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।




