बंगाल में मोहन यादव का डंका: कमरहाटी की गलियों में गरजे एमपी के सीएम, कहा—अब कोई नहीं रोक सकता कमल खिलने से

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कोलकाता और मेदिनीपुर में धुआंधार चुनाव प्रचार कर सियासी माहौल गर्मा दिया है। 18 अप्रैल को कमरहाटी और खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उतरते हुए उन्होंने ममता सरकार पर तीखे प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत अब बंगाल में भाजपा की जीत नहीं रोक सकती क्योंकि यहाँ की जनता टीएमसी के कुशासन और कथित जंगलराज से पूरी तरह ऊब चुकी है। उन्होंने कोलकाता के अंदरूनी इलाकों की दयनीय स्थिति और युवाओं के पलायन पर चिंता जताते हुए बंगाल के उत्थान के लिए डबल इंजन सरकार को एकमात्र विकल्प बताया।
चुनाव प्रचार के दौरान डॉ. यादव ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और कम्युनिस्टों व टीएमसी पर बंगाल को विकास की दौड़ में पीछे धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बंगाल की प्रगति और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर लगाम कसने के लिए सख्त कदम और सही मतदाताओं की पहचान जरूरी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल एक बार फिर देश का सिरमौर बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की तरह बंगाल में भी भाजपा सरकार बनने पर जनकल्याणकारी योजनाओं को तेज गति से लागू किया जाएगा ताकि राज्य फिर से तरक्की की राह पर लौट सके।




