ओवरलोड बसों पर बड़ा एक्शन: गरियाबंद में यातायात पुलिस की सख्ती, 6 बसों पर चालान

गरियाबंद। यात्री सुरक्षा को लेकर गरियाबंद यातायात पुलिस ने रायपुर-देवभोग मार्ग पर सख्त अभियान चलाया और नियम तोड़ने वाले बस संचालकों पर कार्रवाई की। जांच में ओवरलोडिंग और परमिट शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आए, जिसके बाद तुरंत दंडात्मक कदम उठाए गए।
अभियान के दौरान कई बसें निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को ढोते हुए मिलीं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सीधे खतरे में थी। कुछ बसें तय रूट और समय-सारणी के विपरीत भी संचालित होती पाई गईं। नियमों की अनदेखी करने पर 6 बसों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 22,100 रुपए का चालान किया गया।
पुलिस का कहना है कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इस मार्ग पर बस संचालक मनमानी कर रहे हैं और ओवरलोडिंग आम बात हो गई है। इसी के चलते विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि ओवरलोड वाहनों में यात्रा न करें और किसी भी अनियमितता की तुरंत सूचना दें। नियमों के उल्लंघन पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



