बालोद में वकील के घर बड़ी चोरी: शादी में गया था परिवार और पीछे से चोरों ने पार किए 5 लाख के जेवर

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बेखौफ चोरों ने एक वकील के सूने मकान को निशाना बनाया है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरी में रहने वाले वकील नेमेश्वर प्रसाद सिंहा के घर से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के गहने और नगदी समेत लगभग 5 लाख रुपये का माल पार कर दिया। घटना के समय वकील का पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था।
मैदानी सूत्रों के मुताबिक चोर घर के पीछे के रास्ते से दाखिल हुए और ताला तोड़कर अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। अगली सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित वकील की शिकायत पर गुंडरदेही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।



