महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण, मातृशक्ति देगी करारा जवाब: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े 131वें संविधान संशोधन बिल के पारित न हो पाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके विपक्षी दलों ने अपना असली चेहरा उजागर कर दिया है। मुख्यमंत्री ने इसे देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान और उनके नेतृत्व क्षमता को नकारने वाला कदम बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया के केंद्र में लाने और उन्हें समान अवसर देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन के इस रुख को उनकी संकीर्ण सोच और दोहरे मापदंड का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि देश की महिलाएं इस अपमान को देख रही हैं और समय आने पर इसका कड़ा जवाब देंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी सशक्तीकरण की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाकर ही दम लेंगे।



