रायगढ़ में ऑपरेशन प्रहार का असर, 4 ट्रक पकड़े, 82 लाख से ज्यादा का अवैध कबाड़ जब्त

रायगढ़। जिले में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ से भरे चार ट्रकों को पकड़ लिया। कार्रवाई थाना छाल क्षेत्र में की गई, जहां सघन नाकेबंदी के दौरान ट्रकों को रोका गया।
पुलिस ने कुल 81.02 टन लोहे का पाइप, एंगल और स्क्रैप जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 34.13 लाख रुपये है। चारों वाहनों की कीमत लगभग 48 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 82.13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हाटी से छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर जा रहे ट्रकों को पकड़ा। जांच में चारों चालकों के पास कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिले।
कार्रवाई में ट्रक चालकों छोटे लाल यादव, नरसिंग यादव, छबिनाथ प्रसाद और अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। सभी वाहन कोरबा से आ रहे थे और भारी मात्रा में कबाड़ लोड था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



