छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के चलते 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी और लू जैसे हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीख आगे बढ़ा दी है। अब प्रदेश के सभी स्कूलों में 20 अप्रैल से ही छुट्टियां शुरू होंगी।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में 1 मई से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश निर्धारित था। लेकिन वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए इसमें संशोधन किया गया है।
नए आदेश के तहत अब 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
हालांकि, यह आदेश केवल छात्रों पर लागू होगा। शिक्षकों को पूर्व निर्धारित शासकीय कार्यों के अनुसार उपस्थित रहना होगा।
सरकार का कहना है कि तापमान में लगातार वृद्धि और लू की स्थिति को देखते हुए यह फैसला आवश्यक था, ताकि बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।



