छिंदवाड़ा में EOW की बड़ी कार्रवाई, रिटायर्ड PWD अधिकारी से जुड़े ठिकाने पर दबिश

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए परासिया रोड स्थित वंदना लॉन में पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड अधिकारी महेंद्र नागवंशी से जुड़े ठिकाने पर दबिश दी। टीम परिसर में बने मकान के भीतर जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान गोपनीयता बनाए रखने के लिए परिसर का मुख्य गेट बंद कर दिया गया है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। ईओडब्ल्यू की टीम सुबह से ही जांच में जुटी हुई है और कार्रवाई दोपहर तक जारी रहने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि टीम ने बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और जांच को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने फिलहाल केवल दबिश की पुष्टि की है और विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य मिलने की बात सामने आ रही है।



