सक्ती पावर प्लांट दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख, जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
राहत और बचाव कार्य के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्घटना में श्रमिकों के निधन और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा रहा है और घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उपचार में न हो कोई कमी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर दुर्घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।



