छत्तीसगढ़ में सहकारिता का विस्तार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल करेंगे 515 नई पैक्स समितियों का शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को सुदृढ़ करने और किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल, 15 अप्रैल को मंत्रालय महानदी भवन से वर्चुअल माध्यम से 515 नवीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का शुभारंभ करेंगे।
सहकार से समृद्धि की ओर कदम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में इन नई समितियों का गठन किया गया है। वर्तमान में संचालित 2058 समितियों के साथ इन 515 नई समितियों के जुड़ने से प्रदेश में कुल पैक्स सोसायटियों की संख्या 2573 हो जाएगी। ये समितियां बहुउद्देश्यीय सेवाओं के केंद्र के रूप में कार्य करेंगी।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस पहल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए क्रांतिकारी बताया है। नई समितियों के गठन से किसानों को खाद, बीज, कृषि ऋण और अन्य सरकारी सुविधाओं के लिए अब दूर नहीं भटकना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर इन संसाधनों की उपलब्धता से किसानों के समय और धन की बचत होगी, साथ ही शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे प्रदेशभर के प्रतिनिधि
शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। इस अवसर पर प्रदेशभर के सहकारी जनप्रतिनिधि, अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्ष व अधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अपने उद्बोधन में राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सहकारिता आधारित विकास मॉडल पर प्रकाश डालेंगे। यह कदम छत्तीसगढ़ में आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



