मुसरा स्टेशन पर ट्रेन रोकने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, रेल रोको आंदोलन के मामले में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

राजनांदगांव। नागपुर मंडल के मुसरा रेलवे स्टेशन पर गोंदिया-रायपुर लोकल ट्रेन को रोककर रेल परिचालन बाधित करने के मामले में आरपीएफ डोंगरगढ़ ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 अप्रैल को ट्रेन संख्या 68724 के विलंब से चलने के विरोध में किए गए अवैध प्रदर्शन के बाद की गई है।
रेलवे ट्रैक पर उतरकर किया था प्रदर्शन
रेलवे प्रशासन के अनुसार, ट्रेन के देरी से पहुंचने पर कुछ यात्रियों ने आक्रोशित होकर सीधे रेलवे ट्रैक पर उतरकर इंजन के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इस रेल रोको आंदोलन के कारण न केवल रेल परिचालन बाधित हुआ, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी। इसे रेल अधिनियम के तहत अवैधानिक गतिविधि मानते हुए तत्काल मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य ने बताया कि आरपीएफ डोंगरगढ़ ने रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 8 व्यक्तियों की पहचान की गई। इन आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी
रेलवे पुलिस इस मामले में शामिल अन्य अज्ञात प्रदर्शनकारियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जल्द ही अन्य दोषियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या के समाधान के लिए वैधानिक तरीका अपनाएं और रेल परिचालन में बाधा न डालें।



