सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी, छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर स्थित सोनाबेड़ा अभ्यारण्य के ढेकुनपानी जंगल में सीआरपीएफ के जवानों को एक बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। नक्सली किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे, जिसे जवानों की मुस्तैदी ने नाकाम कर दिया।
दरअसल, ओडिशा के कोमना पुलिस कैंप की सीआरपीएफ टीम इलाके में गश्त पर निकली थी। इसी दौरान ढेकुनपानी के घने जंगलों में जवानों को संदिग्ध सामान मिला। तलाशी लेने पर मौके से 70 नग जिलेटिन रॉड, 3 स्टील कंटेनर और 4 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर जब्त किए गए हैं। गौरतलब है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का मिलना सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद ओडिशा पुलिस और सीआरपीएफ ने पूरे जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान को और तेज कर दिया है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह विस्फोटक किस नक्सली नेटवर्क द्वारा यहां छिपाया गया था। फिलहाल पुलिस आसपास के गांवों और जंगलों में सघन तलाशी ले रही है ताकि किसी भी संभावित नक्सली गतिविधि को रोका जा सके।



