रायपुर आरटीओ कार्यालय में एसीबी की दबिश, 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते डेटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान चला रही एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने राजधानी रायपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में पदस्थ डेटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस औचक कार्रवाई से आरटीओ कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने चोला मंडलम फाइनेंस की एक गाड़ी के नाम हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों को तैयार करने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की थी। प्रार्थी की शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही शोभा राम देवांगन ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 14 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में आरोपी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसके पास मौजूद अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई को राज्य में प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक कड़ा कदम माना जा रहा है।



