कर्ज के बदले गिरवी रखी बाइक और जेवर: रायगढ़ पुलिस ने चूड़ामणि गुप्ता को किया गिरफ्तार, ग्रामीणों को करता था प्रताड़ित

रायगढ़। जिले में चोरी की बाइक की जांच के दौरान सूदखोरी का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
जांच में पता चला कि ग्राम भकुर्रा निवासी चूड़ामणि गुप्ता ग्रामीणों को 3 प्रतिशत मासिक ब्याज पर पैसा उधार देता था। वह रकम के बदले बाइक, सोना चांदी जैसे सामान गिरवी रखता था और बाद में जल्दी भुगतान के लिए दबाव बनाकर लोगों को प्रताड़ित करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 बाइक और गिरवी रखे सामानों का हिसाब रखने वाला रजिस्टर बरामद किया है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम भकुर्रा निवासी रामप्रसाद रतिया ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घर निर्माण के लिए उन्होंने 12 हजार रुपये उधार लिए थे और इसके बदले अपनी बाइक गिरवी रखी थी। कई महीनों तक ब्याज चुकाने के बावजूद आरोपी उन्हें लगातार परेशान करता रहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी गांव के कई अन्य लोगों को भी इसी तरह प्रताड़ित कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।



