दिल्ली में बाढ़ से निपटने के लिए ‘जापान मॉडल’ अपनाएगी सरकार, बनाई गई व्यापक योजना

नई दिल्ली। वर्ष 2023 में आई बाढ़ के बाद अब दिल्ली में जलभराव और बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत ‘जापान मॉडल’ को अपनाने की योजना बनाई गई है, जिससे यमुना नदी के अतिरिक्त पानी को नियंत्रित और डायवर्ट किया जा सके।
सिंचाई और बाढ़ विभाग द्वारा तैयार इस योजना के अनुसार, फ्लड प्लेन क्षेत्र में 6 प्रमुख स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां बड़े स्तर पर पानी को स्टोर और नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी।
योजना के तहत करीब 15 माइन पिट्स बनाए जाएंगे, जिनमें लगभग 5200 मिलियन लीटर प्रतिदिन पानी स्टोर करने की क्षमता होगी। इन पिट्स में पानी को करीब 60 दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे बाढ़ के समय जलस्तर को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, जापान की तर्ज पर 18 डायवर्जन चैनल भी बनाए जाएंगे, जिनके माध्यम से अतिरिक्त पानी को अन्य क्षेत्रों की ओर मोड़ा जाएगा। इससे बारिश और बाढ़ के दौरान पानी के प्रवाह को संतुलित किया जा सकेगा और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या कम होगी।
पूरी योजना के तहत करीब 4200 मिलियन लीटर पानी के भंडारण की व्यवस्था की जा रही है। यह पहल न केवल बाढ़ नियंत्रण में सहायक होगी, बल्कि जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
सरकार का उद्देश्य है कि भविष्य में भारी बारिश के दौरान होने वाले नुकसान को कम किया जाए और नागरिकों को सुरक्षित रखा जा सके।



