हनुमान जयंती पर रायपुर में रुद्र सेना और रुद्र शक्ति के पोस्टर का विमोचन, सनातन धर्म के संरक्षण की नई पहल

रायपुर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में एक ऐतिहासिक पहल के तहत रुद्र सेना एवं रुद्र शक्ति के पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं संत-महात्माओं ने संयुक्त रूप से पोस्टर का अनावरण किया।
रुद्र सेना और रुद्र शक्ति का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की सेवा, मठ-मंदिरों के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के साथ-साथ वेद-उपनिषदों की महान परंपरा को समाज में पुनः स्थापित करना है। रुद्र सेना के माध्यम से युवकों को धर्म और राष्ट्रभाव से जोड़ा जाएगा, जबकि रुद्र शक्ति के जरिए युवतियों का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सशक्तिकरण किया जाएगा।
इस आध्यात्मिक अभियान के प्रेरणास्रोत दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर स्वामी राजीव लोचन दास महाराज हैं। अभियान के संरक्षक मंडल में देशभर के प्रमुख अखाड़ों एवं मठों के संत-महंतों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने इस पहल की सराहना की।
संयोजक महंत सुरेंद्र दास ने इस अवसर पर कहा कि यह संगठन सनातन के पुनर्जागरण का एक विराट आंदोलन है। उन्होंने जोर दिया कि वर्तमान समय में अपनी जड़ों की ओर लौटना और मठ-मंदिरों को संस्कृति व राष्ट्र निर्माण का केंद्र बनाना अनिवार्य है। धर्म स्तंभ काउंसिल के सभापति डॉ. सौरव निर्वाणी ने कहा कि हमारा लक्ष्य लाखों युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। यह अभियान समाज में आध्यात्मिक चेतना जगाने के साथ-साथ मठ-मंदिरों की स्वायत्तता के लिए भी निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, फिल्म विकास बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमर परवानी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। स्वामी राजीव लोचन दास ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल संस्कृति, सेवा और संगठन के माध्यम से एक सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।




