Raipur Murder Mystery: अभनपुर में जमीन के अंदर मिली थी लाश, अब पुलिस ने किया खुलासा; प्रेम प्रसंग के चलते दी गई दर्दनाक मौत

रायपुर। अभनपुर क्षेत्र में हुए नितेश बत्रा हत्याकांड का खुलासा आज शाम 4 बजे किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार शदाणी दरबार आवासीय परिसर में रहने वाला नितेश बत्रा मूल रूप से पाकिस्तान का निवासी था। करीब पखवाड़े भर पहले उसकी लाश अभनपुर क्षेत्र में जमीन के अंदर गड़ी हुई अवस्था में मिली थी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की थी।
मृतक की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जमीन में गाड़े जाने से दम घुटना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि हत्या की वजह त्रिकोणीय प्रेम संबंध था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रयागराज से एक युवक और एक युवती को हिरासत में लिया, जबकि रायपुर से तीन अन्य साथियों को पकड़ा गया। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गए थे, जबकि उनके साथी स्थानीय स्तर पर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। फिलहाल मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा।



