पुणे समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में अचानक भारी बारिश, जेएम रोड सहित कई इलाके जलमग्न

महाराष्ट्र में अचानक मौसम बदलने से कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है। पुणे में दोपहर के समय अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। भारी बारिश के कारण सड़कें पानी में डूब गईं और कई वाहन पानी में फंस गए। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक जेएम रोड पर हालात बाढ़ जैसे हो गए, जहां सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं।
मौसम विभाग ने पहले ही 31 मार्च, 1 एवं 2 अप्रैल के बीच बेमौसम बारिश की संभावना जताई थी। सुबह धूप और दोपहर में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश का सीधा असर यातायात पर पड़ा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन जलजमाव की समस्या ने परेशानियां बढ़ा दी हैं।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस अप्रत्याशित बदलाव के पीछे अरब सागर से आने वाली नमी और निचले वायुमंडल में अस्थिरता मुख्य कारण हैं। बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई है।
जेएम रोड के अलावा कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। फिलहाल आसमान में बादल छाए हैं और आने वाले कुछ घंटों में फिर से बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




