Janjgir Double Murder: जांजगीर में बुजुर्ग दंपत्ति की बेरहमी से हत्या, मौके पर मिला ‘होली का मुखौटा’ और खून से सने पैरों के निशान; इलाके में दहशत

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव में अज्ञात आरोपियों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान छतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई के रूप में हुई है। दोनों बीती रात अपने घर में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल से पुलिस को खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे आरोपियों के भागने की दिशा का अनुमान लगाया जा रहा है। मौके से होली का मुखौटा भी बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए मुखौटा पहनकर आए थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे लूट और चोरी की नीयत से की गई हत्या मान रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और शीघ्र खुलासे का दावा कर रही है।



