रूस का सैन्य विमान क्रीमिया में क्रैश, सभी 29 लोगों की मौत; पहाड़ियों से टकराकर मलबे में तब्दील हुआ एंटोनोव-26, मची चीख-पुकार

मॉस्को। रूस का एक सैन्य परिवहन विमान बुधवार, एक अप्रैल को क्रीमिया प्रायद्वीप में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई। रूस की समाचार एजेंसी तास ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि एंटोनोव-26 विमान से उड़ान के दौरान संपर्क टूट गया था, जिसके बाद वह पहाड़ी इलाके में जा गिरा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, विमान में 23 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में विमान पर किसी बाहरी हमले के संकेत नहीं मिले हैं और दुर्घटना का संभावित कारण तकनीकी खराबी बताई जा रही है। मंत्रालय की जांच समिति घटनास्थल पर जांच कर रही है।
समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती के अनुसार, दुर्घटना से कुछ समय पहले विमान का नियंत्रण कक्ष से संपर्क अचानक टूट गया था। ब्लैक सी के पास क्रीमियाई प्रायद्वीप के ऊपर से गुजर रहा यह विमान एक ऊंची पहाड़ी से टकराकर क्रैश हो गया। घटनास्थल से अब तक किसी के बचने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह हादसा क्षेत्र में रूसी विमानन के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इस इलाके में अब जांच एजेंसियां ब्लैक बॉक्स और अन्य सबूत जुटाने में जुटी हैं।


